गांव तिहाड़ खुर्द में शराब पीने से दो व्यक्तियों की मौत के बाद आक्रोश है। सोमवार को चार गांव के लोगों ने वहां एकत्रित होकर पंचायत की। इसके बाद ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मृतकों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये के मुआवजे के साथ शराब ठेका हटाने की मांग की। इस दौरान सरकार के खिलाफ भी प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। तिहाड़ खुर्द के रहने वाले ओमप्रकाश उम्र 69 साल और सत्येंद्र उम्र 42 साल शनिवार को घर से गए थे। शाम 4 बजे ग्रामीण पशुओं को लेकर तालाब की ओर गए तो दोनों अचेत पड़े दिखे। ग्रामीणों ने परिजन को मामले की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तब वे मृत मिले। शवों के पास शराब की बोतल भी पड़ी थी जिससे लगता है कि शराब पीने की वजह से दोनों की मौत हुई थी, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट जहरीली शराब पीने से मौत की पुष्टि नहीं हो पाई है। निगाह विसरा की परीक्षण रिपोर्ट पर है जिसके आने में अभी समय लगेगा। उधर मृतकों के परिजनों का आरोप है कि जहरीली शराब पीने की वजह से ही दोनों की मौत हुई है।