जींद रोड से शहर की तरफ आ रहे दो मोटरसाइकिल सवार युवकों की रेलवे ओवरब्रिज पर गुरुवार देर रात तेज स्पीड वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान 21 वर्षीय नमन के रूप में हुई है। हादसे के बाद उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल 22 वर्षीय सुमित को पहले खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज फॉर वूमेन में भर्ती कराया गया। हालत ज्यादा खराब होने पर उसे सुबह पंडित भगवत दयाल शर्मा स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, रोहतक (पीजीआईएमएस रोहतक) रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने बताया कि नमन अविवाहित था और उसके दो भाई हैं। सुमित अपने पिता का इकलौता बेटा है, उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। दोनों युवकों ने आईटीआई करने के बाद अपना काम शुरू किया हुआ था और मेहनत से परिवार का गुजारा कर रहे थे।