गांव महिपुर स्थित गीजर, पंखे व हीटर बनाने वाली डेको टेक इलेक्ट्रिकल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सैंकड़ों कर्मचारियों व मजदूरों ने शनिवार को अपनी अनेकों मांगों को लकर कंपनी के गेट पर एकत्रित होकर दो घंटे जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना था कि तय मानकों की बजाए कंपनी उन्हें काफी कम वेतन दे रही है, जबकि आठ घंटे से ज्यादा समय तक उनसे काम भी लिया जा रहा है। इस दौरान श्रमिक कंपनी के बाहर डटे रहे। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची, वहीं कई कर्मचारी संगठनों ने भी मौके पर पहुंचकर श्रमिकों को अपना समर्थन दिया। इसके बाद लेबर इंस्पेक्टर सुरेंद्र दहिया मौके पर पहुंचे। मजदूरों ने मिलकर लेबर इंस्पेक्टर को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए मांग पत्र सौंपा है। लेबर इंस्पेक्टर के आश्वासन के बाद सभी मजदूर वापस काम पर लौट गए। अमित, संदीप, महिपाल, जयभगवान, रितिक, रिया, राकेश व शिखा आदि ने बताया कि उन्हें वर्तमान में करीब 9 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है, जो महंगाई के दौर में बेहद कम है। उन्होंने वेतन बढ़ाकर 15 हजार 2 सौ रुपये प्रतिमाह करने की मांग उठाई है। मजदूरों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन में बढ़ोतरी नहीं की गई, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।