सोनीपत के रोहतक रोड स्थित पुराने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को चार पहिया वाहनों के लिए पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। आरओबी के पास खंभे लगाकर व बड़ा पत्थर रखकर मार्ग को बंद किया जाएगा, ताकि वाहन आरओबी पर प्रवेश न सकें। फिलहाल आरओबी पर दोपहिया वाहन चालकों का आवागमन जारी है। वहीं चार पहिया वाहन चालक नए आरओबी से आवागमन कर सकते हैं। रोहतक रोड पर 32 वर्ष पुराना रेलवे ओवरब्रिज कमजोर पड़ रहा है। ऐसे में आमजन की सुरक्षा के चलते पुराने आरओबी से चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद की गई है। अब तक आरओबी को हाइट गेज या खंभे लगवाकर तीन बार बंद किया जा चुका है, लेकिन हर बार रात को वाहन की टक्कर से हाइट गेज व खंभे टूट रहे थे। ऐसे में लोक निर्माण विभाग की ओर से शुक्रवार को खंभे लगवाने के बाद शनिवार को बड़ा पत्थर रखवाकर आरओबी को पूर्ण रूप से बंद कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रोहतक रोड आरओबी से केवल दोपहिया वाहन चालकों का आवागमन जारी रहेगा। चार पहिया वाहन चालक आवागमन के लिए नए आरओबी से आवागमन कर सकते हैं। रोहतक रोड आरओबी भारी वाहनों की आवाजाही के लिए कितना सुरक्षित है, इसको लेकर रेलवे को आईआईटी रुड़की की सर्वे रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही ओवरब्रिज को खोलने का फैसला लिया लाएगा।