सर्व कर्मचारी संघ की राज्य कमेटी के आह्वान पर वीरवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारी पब्लिक हेल्थ यूनियन कार्यालय से लघु सचिवालय तक रोष मार्च निकालते हुए पहुंचे और नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला प्रधान देशराज नैन ने बताया कि कर्मचारियों ने नियमितीकरण नीतियों के आधार पर प्रत्येक वर्ष 240 दिन कार्य कर दो वर्ष की सेवा पूरी करने वाले पात्र कर्मचारियों और शिक्षकों को नियमित करने की मांग की। साथ ही एचकेआरएनएल और अन्य योजनाओं से हटाए गए कर्मियों को समायोजित करने की भी मांग उठाई। जिला सचिव सुनील दत्त ने कहा कि नियमितीकरण होने तक कच्चे कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत के अनुसार वेतन दिया जाए। नियमित किए जाने वाले कर्मचारियों पर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू की जाए। साथ ही जनसंख्या के अनुपात में नियमित पदों का सृजन कर स्थायी भर्ती की जाए। आठवें वेतन आयोग का गठन कर कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाए। प्रदर्शन में सर्व कर्मचारी संघ के राज्य प्रवक्ता तेजेंद्र, गुलशन भारद्वाज, जिला कोषाध्यक्ष राजीव खत्री, एमपीएचडब्ल्यू यूनियन के राज्य महासचिव सहदेव मलिक, सीटू के जिला कोषाध्यक्ष शीलक राम मलिक, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के पूर्व प्रधान राममेहर शर्मा, ओमप्रकाश मलिक, आनंद हुड्डा, महेंद्र सिंह भनवाला, अध्यापक संघ के जिला प्रधान नरेंद्र चहल भी शामिल हुए।