पीएमश्री राजकीय स्कूल के विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने तथा शिक्षा के साथ सामाजिक और प्रशासनिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से छात्रों ने उपायुक्त कार्यालय का भ्रमण किया। उन्होंने उपायुक्त सुशील सारवान की अध्यक्षता में आमजन के लिए लगाए जा रहे समस्या समाधान शिविर के विभिन्न पहलुओं को समझा। साथ ही प्रशासनिक अनुभव अर्जित किया कि किस प्रकार आमजन अपनी समस्याओं को लेकर कार्यालय में आता है, हेल्प डेस्क के माध्यम से उन्हें दर्ज कराता है, फिर समस्या उपायुक्त तक पहुंचती है और संबंधित विभाग को लिखित रूप में भेजी जाती है। साथ ही, शिविर में ही समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाता है। उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि बच्चों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली का अनुभव अर्जित किया और जाना कि किस प्रकार कर्मचारी से लेकर उच्च अधिकारी तक कार्यालय की कार्य व्यवस्था को संपन्न किया जाता है। इस अवसर पर अधिकारियों और विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए बैज भी लगाए गए और उपायुक्त ने सभी को स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलवाई। उपायुक्त ने कहा कि पीएम-श्री राजकीय स्कूल नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विद्यार्थियों को रुचिकर तरीकों से पढ़ाया जा रहा है, साथ ही उनमें नवाचार और नेतृत्व क्षमता विकसित की जा रही है।