सोनीपत में रोहतक रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर 37 दिन बाद वीरवार शाम जहां खंभे लगाकर भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बंद किया गया, वहीं रात को किसी वाहन की टक्कर से एक खंभा उखड़ गया। इससे आरओबी पर भारी वाहनों का आवागमन रातभर जारी रहा। मामले की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को खंभा दोबारा लगवाया। वहीं इससे पहले आरओबी पर दो बार वाहनों की टक्कर से हाइट गेज भी टूट चुका है। अब विभाग ने तीन दिन बाद रोहतक रोड पर हाइट गेट लगवाने का निर्णय भी लिया है। रोहतक रोड पर 32 वर्ष पुराना रेलवे ओवरब्रिज कमजोर पड़ रहा है। ऐसे में आमजन की सुरक्षा के चलते पुराने आरओबी से भारी वाहनों की आवाजाही बंद की गई है। अब तक आरओबी को हाइट गेज या खंभे लगवाकर तीन बार बंद किया जा चुका है, लेकिन हर बार रात को वाहन की टक्कर से हाइट गेज व खंभे टूट रहे हैं। ऐसा ही वीरवार रात को भी हुआ। विभाग की ओर से लगाए गए खंभों में से रात एक खंभा किसी वाहन की टक्कर से टूट गया। ऐसे में रातभर भारी वाहन आरओबी से गुजरते रहे। वहीं शुक्रवार सुबह विभाग ने खंभे को लगवाकर भारी वाहनों का आवागमन बंद करवाया। अधिकारियों का कहना है कि रोहतक रोड आरओबी पर तीन दिन बाद हाइट गेट भी लगवाया जाएगा। रोहतक मार्ग स्थित पुराने आरओबी पर वीरवार शाम लगाया गया खंभा टूट गया है। इससे भारी वाहनों का फिर से आवागमन शुरू हो गया। खंभे को दोबारा लगवाकर वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया है। तीन दिन बाद आरओबी पर हाइट गेज भी लगवाया जाएगा। पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सोनीपत