सोनीपत स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मरीजों की पहचान करने के लिए निक्षय शिविर अभियान चलाया जा रहा है। विधायक निखिल मदान ने शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल से तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन में टीबी जांच के लिए एक्स-रे मशीन और बलगम जांच की लिए नॉट मशीन की सुविधा है। 100 दिन से यह अभियान के तहत हर गांव में चलेगा। जिसके जरिए ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की जा रही है। अगर कोई टीबी का मरीज पाया जाता है तो उसे निशुल्क परामर्श के साथ दवा उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक निखिल मदान ने कहा कि वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत टीबी मुक्त क्षेत्र के लिए 100 दिन के लिए निक्षय शिविर लगाए जा रहे हैं। इसमें टीबी मरीजों की पहचान के लिए वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर संस्था के सहयोग से ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की जा रही है। अब तक 4000 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। विभाग की टीम हाई रिस्क क्षेत्र (उच्च जोखिम वाला क्षेत्र) में मशीन से संदिग्ध मरीज, उनके परिजनों की स्क्रीनिंग की जा रही है। जिसके जरिए पता लगाया जा सकता है कि व्यक्ति टीबी से पीड़ित है या नहीं। जांच के तुरंत बाद रिपोर्ट मिनटों के अंदर निकाल कर दे दी जा जाती है। जिससे उन मरीजों को समय पर उपचार किया जा सके। इसके बाद टीबी मुक्त अभियान के तहत विधायक निखिल मदान व स्वास्थ्य अधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। इस दौरान उप सिविल सर्जन डॉ. योगेश गाेयल, उप चिकित्सा अधीक्षक गिन्नी लांबा, चिकित्सक डॉ. वंदना राणा ने विधायक को एमएमयू का निरीक्षण कराया। कार्यक्रम में संजीव शर्मा, मंजू, ज्योति भी मौजूद रहे।