सोनीपत के गांव उल्देपुर में महर्षि कश्यप की जयंती पर श्रद्धाभाव व हर्षोल्लास से मनाई गई। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में गांव के सरपंच संदीप कुमार व जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने शिरकत की। अतिथियों ने ग्रामीणों के साथ महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। ग्रामीणों की ओर से भंडारा लगाया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि महर्षि कश्यप सप्त ऋषियों में एक हैं, ऋग्वेद में भी उनका वर्ण किया गया है। हमें आज संगठित होकर समाज के लिए कार्य करना चाहिए। समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ संगठित होकर सामाजिक कार्य करें। जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। हमेशा बड़े-बुजुर्गों व माता-पिता का आदर करना चाहिए। महर्षि कश्यप जैसे महान संतों की ओर से दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। सरपंच संदीप कुमार ने कहा कि आज कश्यप समाज लगातार संगठित होकर आगे बढ़ रहा है। हमें महर्षि कश्यप के दिखाए मार्ग पर चलकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में जोगिंद्र, नरेश, पवन, राजेश, सतीश, वजीर, रामफल, अनिल, ओमवीर मौजूद रहे।