कश्मीर घूमने गए प्रॉपर्टी डीलर के घर से लाखों के आभूषण व सामान चोरी -ब्रह्म कॉलोनी स्थित घर से चोर करीब 52.23 लाख के सोने-चांदी के गहने, लैपटॉप और दस्तावेज ले गए चोर -सीसीटीवी में घर में घुसती दिखाई दे रही संदिग्ध महिला -चेहरे पर कपड़ा बांधने के चलते नहीं हो सकी पहचान -पीडि़त के दो साले व बेटे के घर के अंदर होते हुए चोर के घुसकर बैठने का अंदेशा, बाहर जाने के बाद की चोरी संवाद न्यूज एजेंसी सोनीपत। ब्रह्म कॉलोनी स्थित प्रॉपर्टी डीलर के घर में घुसकर चोर ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। घटना उस समय हुई जब परिवार के सदस्य कश्मीर घूमने गए थे और घर पर पीडि़त के दो साले व बेटा था। जब वह बाहर गए तो चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्रह्म कॉलोनी निवासी कमल गाबा ने सिविल लाइन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह प्रॉपर्टी डीलर है। वह 12 जून को अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे। घर पर उनका बेटा शिवाय और दो साले योगेश व सौरभ मौजूद थे। इस दौरान 16 जून को उन्हें किसी काम से दिल्ली विश्वविद्यालय जाना पड़ा। जब वह वापस लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का सेफ खुला हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि घर से सोने-चांदी के कीमती आभूषण, नकदी, घर और दुकान की रजिस्ट्री, सैमसंग लैपटॉप तथा सैमसंग टैब गायब थे। उन्होंने मामले से उन्हें अवगत कराया। यह आभूषण मिले चोरी चोर पांच सोने की चेन, दो इटालियन चेन, मोती की चेन, इटालियन चूडिय़ां, दो कड़े, तीन हीरे की अंगूठी, सोने के छह टोपस, 12 अंगूठी, ब्रेसलेट, नाक के कोके व नाक की पिन, टॉप्स, मगंलसूत्र, 300 ग्राम कच्ची चांदी, चांदी की पांच पाजेब चोरी मिली। सीसीटीवी में दिख रही संदिग्ध महिला पीड़ित कमल का आरोप है कि उन्होंने 18 जून को घर आने के बाद पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी की जांच की तो उसमें एक संदिग्ध महिला दिखाई दे रही है। वह उनके सालों व बेटे के घर से बाहर जाने से पहले ही उनके घर में घुसती दिख रही है। बाद में उनके घर से जाने के बाद वह चोरी कर पिछले रास्ते से सामान को बैग में रखकर जाती दिखाई दे रही है। संदिग्ध महिला ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस मामले में सुराग लगा रही है।