इंडियन नेशनल लोकदल के युवा नेता करण चौटाला ने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और युवाओं को बड़ी भागीदारी देने का संकल्प लिया गया है। पुराने नेताओं व कार्यकर्ताओं की घर वापसी करवाई जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इनेलो 25 अप्रैल तक जिला व प्रदेश स्तर के संगठन का गठन कर लेगी। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणियों का गठन किया जाएगा। वह बुधवार को सोनीपत पार्टी कार्यालय में बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। करण चौटाला ने कहा कि इनेलो से अन्य पार्टियों में गए कई नेता अब दोबारा पार्टी के संपर्क में हैं। जो नेता खुले दिल से घर वापसी करना चाहेंगे, उनका हम दिल खोलकर स्वागत करेंगे। हालांकि जब उनसे दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला की इनेलो में वापसी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो चौधरी देवीलाल के विचारों पर नहीं चलते, उनके लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है। वह उन पर कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करना चाहते। प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर करण चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा में हवा खराब है, लेकिन इनेलो प्रदेश में सकारात्मक बदलाव की हवा तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया का जमाना है और जनता सब कुछ जानती है। इस मौके पर इनेलो के राष्ट्रीय सचिव प्रकाश भारती ने भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति साझा की। उन्होंने बताया कि पार्टी राज्यभर में 2,000 बूथ जोन बनाकर कार्यकर्ताओं को संगठित करेगी। सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत नियुक्त किए जा रहे टीचर्स ही सरकार की पोल खोल रहे हैं। एचपीएससी और एसएससी की निष्क्रियता पर सरकार जवाब दे। साथ ही मंत्री अनिल विज पर तंज कसते हुए कहा कि अब विज साहब भी डल्लेवाल की तरह धरने पर बैठना चाहते हैं।