गांव गढ़ी उजाले खां में 62 वर्षीय विजय सिंह पुत्र मदन सिंह ने अपनी खेतों में बनी डेयरी में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग को डिप्रेशन के कारण ऐसा कदम उठाया। मृतक के बेटे अमन ने बताया कि उसके पिता पिछले करीब दो महीनों से डिप्रेशन में चल रहे थे। सुबह वह टहलने के बाद घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसके पिता मिले जो सामान्य हालत में थे। उसने अपनी बाइक उन्हें दे दी और खुद घर आ गया। अमन के अनुसार, कुछ देर बाद पिता विजय सिंह घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर पर चोटें आईं और वह इलाज के लिए अस्पताल चला गया। इसी बीच जानकारी मिली कि विजय सिंह खेतों में बनी अपनी भैंसों की डेयरी में पहुंचे और वहीं खुद को गोली मार ली। मृतक अपने पीछे पांच बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। सूचना के बाद पहले पुलिस ने पहुंच कर तफ्तीश की और फिर एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए। अब जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले को हर एंगल से जांचा जा रहा है। पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।