सोनीपत में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप)-4 लागू होने के बावजूद लोग नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। नगर निगम ने सड़क किनारे झोपड़ी डाल भट्ठियों में पकाकर मूंगफली बेच कर रहे लोगों पर कार्रवाई की गई। मुख्य सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी के नेतृत्व में मंगलवार को महलाना रोड व ककरोई रोड पर बुलडोजर चलाकर पांच झोपड़ी गिराई गई। साथ ही भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान तंदूर से खाना बना रहे संचालक समेत छह लोगों के पांच-पांच हजार रुपये के जुर्माने किए गए। शहरी क्षेत्र में कहीं भी झोपड़ीनुमा दुकान खड़ा कर देना आम बात हो गई है। जगह-जगह इस तरह अतिक्रमण कर फुटपाथी दुकानदारों का संचालन शहर की सूरत बदरंग करने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी प्रभावित कर रहा है। ग्रैप-4 लागू होने से नगर निगम के अधिकारी सतर्क हो गए हैं। मंगलवार को मुख्य सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी टीम के साथ महलाना रोड और ककरोई रोड पर पहुंचे। दोनों मार्गों पर फुटपाथी दुकानदारों पर कार्रवाई की। फुटपाथी दुकानदार पाबंदी के बावजूद भट्ठियों में मूंगफली पकाकर बेच रहे थे। इस दौरान नगर निगम की टीम ने पांच झोपड़ी तोड़ी और वहां पर भट्ठियों को ध्वस्त कराया। साथ ही तंदूर से खाना बना रहे संचालक समेत छह लोगों के पांच-पांच हजार रुपये के जुर्माने किए गए। मुख्य सफाई निरीक्षक ने कहा कि ग्रैप के नियमों का पालन करने के लिए कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।