बारिश के बाद मिशन चौक पर हुए दर्दनाक हादसे में फर्नीचर व बर्तन कारोबारी और उनके कारिंदे की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे में कारोबारी के बेटे और दूसरे कर्मी को भी हल्का करंट लगा, वह बाल-बाल बच गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिशन चौक निवासी नरेंद्र कुमार गुप्ता (61) घर के पास ही गुप्ता फर्नीचर व बर्तन भंडार के नाम से दुकान चलाते थे। उनकी दुकान पर मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बरेली हाल पत्थर वाली गली आर्य नगर निवासी शुभम (20) और रोहित काम करते थे। नरेंद्र कुमार के बेटे दीपांशु भी पिता के साथ दुकान पर बैठते थे। शनिवार सुबह से ही तेज बारिश के चलते जलभराव के चलते नरेंद्र कुमार की दुकान में भी पानी चला गया था। जिस पर बारिश रुकने के बाद दोपहर करीब ढाई बजे वह दुकान पर पहुंचे थे।