क्राइम यूनिट सेक्टर-27 की टीम ने मंगलवार की सुबह पांच बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 334-बी (मेरठ-झज्जर रोड) पर मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी राहगीरों को लूटने की कोशिश कर रहे थे। आरोपियों के पास से अवैध असलहा एवं मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। क्राइम यूनिट को सूचना मिली थी कि कि बदमाश एनएच-334बी पर लगाकर राहगीरों से लूटपाट की तैयारी में हैं। सटीक सूचना पर टीम पहुंच गई। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने से चांद उर्फ पहलवान घायल हो गया। इसके बाद घेराबंदी कर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में चांद उर्फ पहलवान निवासी गांव बिधल, गोहाना, निशांत उर्फ काला निवासी उत्तम नगर, राठधाना रोड, सोनीपत, सचिन उर्फ टिंकू निवासी गांव कुंजिया, थाना सदर झज्जर एवं मनीष उर्फ मोनू निवासी गांव बिधल थाना गोहाना शामिल हैं। आरोपियों के पास से 5 अवैध देशी पिस्तौल, आठ कारतूस, 470 ग्राम चरस बरामद किया गया है। चांद के विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट आदि के 18 मुकदमे दर्ज हैं, उसके ऊपर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। निशांत उर्फ काला पर लूट, झगड़े समेत 6 मुकदमे हैं। सचिन उर्फ टिंकू का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मनीष उर्फ मोनू पर पहले से आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य साथियों की तलाश जारी है।