सोनीपत लघु सचिवालय में चार माह बाद वीरवार को जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। खेल, युवा अधिकारिता, उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम पहली बार सोनीपत में बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे। बैठक के दौरान 21 परिवादों को रखा गया, जिनमें से छह लंबित और 15 नए परिवाद शामिल किए गए हैं। बैठक में उनके साथ विधायक निखिल मदान, पवन खरखौदा, देवेंद्र कादियान, भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा भी पहुंचे। प्रेम नगर, ककरोई रोड निवासी राजेश कुमारी की अवैध कब्जा हटवाने व गली खुलवाने की लंबित शिकायत पर पहुंची। उन्होंने कहा कि पिछली बार 4 जुलाई को हुई जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान तत्कालीन बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी। अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काटने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।