मंडियों में गेहूं खरीद के बाद 72 घंटे में उठान का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत कोसों दूर है। नई अनाज मंडी के साथ सब्जी मंडी में खुले आसमान के नीचे गेहूं से भरे 1.38 लाख बैग रखे हुए हैं। खरीद एजेंसियों की ओर से अभी तक गेहूं के उठान में तेजी नहीं लाई गई है। जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण आने वाले समय में किसानों को मंडी में गेहूं डालने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सोनीपत अनाज मंडी में हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति और विपणन संघ (हैफेड) व हरियाणा वेयरहाउस कार्पोरेशन (एचडब्ल्यूसी) की ओर से गेहूं की खरीद की जा रही है। सोमवार से गेहूं की खरीद तेज हुई है। अब तक दोनों एजेंसियों की तरफ से 72560 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। इनमें हैफेड की तरफ से 45100 क्विंटल और एचडब्ल्यूसी की ओर से 27460 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। दोनों एजेंसियों की ओर से कुल 3280 क्विंटल गेहूं का उठान किया है। मंडी में 69280 क्विंटल गेहूं का उठान होना बाकी है। इस तरह मंडी से 138560 बैग उठान के इंतजार में रखे हुए हैं। इसी तरह जिला की अन्य मंडियों का भी यही हाल है।