न्यू कॉलोनी में नटराज थियेट्रिकल ग्रुप व हरियाणा कला परिषद, रोहतक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यशाला एवं व्यक्तित्व विकास ग्रीष्मकालीन शिविर लगाया गया। कार्यशाला में शुक्रवार को बच्चों ने विभिन्न परिधानों में हरियाणवी, पंजाबी, राजस्थानी नृत्य का अभ्यास किया। कार्यशाला के 13वें दिन की शुरुआत नटराज थियेट्रिकल ग्रुप के सदस्यों ने दीप प्रज्वलन व बच्चों ने मां सरस्वती की वंदना से की। नटराज थियेट्रिकल ग्रुप के अध्यक्ष सत्यवान सरोहा ने बच्चों को हरियाणवी समूहगान का अभ्यास करवाया। इसके बाद बच्चों को वाद्ययंत्रों का अभ्यास करवाया गया। कार्यशाला में सतीश दहिया, मास्टर सुलेख कुमार, जयसिंह सभ्रवाल ने बच्चों को अभ्यास करवाने में सहयोग किया। उन्हें अपने माता-पिता व गुरुजनों का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। सत्यवान सरोहा ने बताया कि 15 जून को कार्यशाला के समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में सभी प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चे अपनी कला को प्रदर्शित करेंगे। सभी नव कलाकारों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया जाएगा। समापन समारोह में मेयर राजीव जैन, परिमल कुमार, बबीता त्यागी, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन कुलदीप नांगल, कुनाल जीत, सुभाष सिसोदिया, संतोष राठी, डॉ. आनंद शर्मा व विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे।