खरखौदा में पुराना रोहतक रोड स्थित रत्न सिंह मार्केट में शनिवार को ज्वेलर्स की दुकान पर दिनदहाड़े लूट का प्रयास किए जाने से हड़कंप मच गया। तीन युवक चेन खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचे और कारीगर की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर चांदी के आभूषण लेकर भागने लगे। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों युवक स्विफ्ट कार में सवार होकर सांवरिया ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले चेन दिखाने के लिए कहा। इसी दौरान एक युवक ने अचानक दुकान के कारीगर की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी तीन चांदी की चेन, ब्रेसलेट और दो लॉकेट लेकर भागने लगे। दुकान में मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिय जो गांव जागसी निवासी पवन बताया जा रहा है जबकि उसके दो साथी मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। फरार बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।