जिला के आठ शिक्षण संस्थानों में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) संपन्न हुई। जिले के आठ निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर यह महत्वपूर्ण परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 2543 परीक्षार्थी पंजीकृत थे उनमें से 2474 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा को लेकर छात्रों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखा गया। परीक्षा शुरू होने से काफी पहले ही अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षार्थियों को गहन जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया था। सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य थी जिसमें मेटल डिटेक्टर और बायोमेट्रिक सत्यापन का भी उपयोग किया गया। दोपहर 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पूरी तरह बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। यह नियम परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और समय पर परीक्षा शुरू करने के लिए सख्ती से लागू किया गया था। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि सोनीपत में हुई नीट परीक्षा में 69 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कोई नकल या अन्य मामला निकल के सामने नहीं आया।