रामपुरा बिश्नोईया में अपहरण कर बच्ची नूर के मर्डर केस मामले में शुक्रवार को धरनारत कमेटी की मांग पर सीएम नायब सिंह सैनी ने परिजनों से बात कीं। डबवाली एसडीएम अर्पित सिंघल ने अपने फोन से वीडियो कॉल कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बच्ची के परिजनों से बात करवाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस घटना से बेहद आहत व दुखी हुए है। परिजनों व ग्रामीणों ने सीएम के आश्वासन पर दोपहर दो बजे बच्ची का अंतिम संस्कार किया। वहीं, ग्रामीणों व परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। कमेटी ने लिखित में अपना मांगपत्र दिया है। बता दें कि बच्ची की मौत के बाद अपराधियों को फांसी देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर रामपुरा बिश्नोईया के ग्रामीण, नेता और पीड़ित परिवार के लोग तीन दिन से धरने पर बैठे हुए थे। इस दौरान प्रशासन ने तीन नेताओं पर मामला भी दर्ज किया था। पुलिस द्वारा आरोपी संजय को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। वहीं, उसके भांजे को जुविनाइल जेल भेज दिया गया है। इस मामले के अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उनको लेकर पुलिस दबिश दे रही है।