राज्यसभा में गृहमंत्री अमित शाह के विवादित बयान पर एससी व एसटी समाज के लोगों ने ऐलनाबाद में शव यात्रा निकाल कर अपना विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन किया व अमित शाह का पुतला फूंका। वीरवार सुबह हरचंद का बास स्थित आंबेडकर भवन में सर्वसमाज के लोग एकत्रित होना शुरू हो गए। प्रदर्शन की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी रोहित गर्वा ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठ कर राज्यसभा में इस तरह की टिप्पणी शोभा नहीं देती। बाबा साहब संविधान निर्माता हैं। उसी संविधान पर आज पूरा देश चलता है। गृहमंत्री अमित शाह का बयान संविधान का अपमान है।