रोहतक। दो दिन पहले अपहरण हुए युवक की लाश बेरी नहर में मिलने के बाद बुधवार को काठमंडी रोड पर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने शव मिलने के बाद सड़क जाम कर दी और आरोपियों को कड़ी सजा व इन्साफ की मांग की। जानकारी के अनुसार 28 जुलाई की रात करीब 1 बजे काठमंडी पुल के पास सुनील (26) पुत्र पूर्णमासी अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में आए कुछ लोग सुनील को जबरदस्ती गाड़ी में डालकर ले गए। परिजनों ने बताया कि सुनील का एक आरोपी से पैसों का लेनदेन का विवाद चल रहा था। कल रात करीब 11:30 बजे सुनील की शव बेरी नहर में मिली। सिर पर चोट के निशान थे। शरीर पर बने टैटू से उसकी पहचान हुई। शव को पीजीआई रोहतक की मोर्चरी में रखा गया था, जिसका आज पोस्टमार्टम करवाया जा चुका है। आक्रोशित परिजनों ने काठमांडू रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस और हंगामा भी हुआ। पुलिस और परिजन आमने-सामने आ गए। पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इलाके में तनाव नहीं है और पुलिस निगरानी कर रही है।