तिरंगा केवल एक कपड़े का टुकड़ा नहीं, यह देश की आत्मा, स्वाभिमान व बलिदानों का जीवंत प्रतीक है। तिरंगे के तीनों रंग की पट्टियां हमें जीवन में साहस, शांति और समर्पण के तीन मूलमंत्र देती हैं। यह कहना भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणिंद्रनाथ शर्मा का। वे रविवार को पार्टी की ओर से लाखनमाजरा मंडल में आयोजित तिरंगा यात्रा में बोल रहे थे। यह यात्रा मुख्य चौक से प्रारंभ होकर मुख्य गली, लुक्खड़ चौक, बाजार से होते हुए ऐतिहासिक गुरुद्वारे तक पहुंची। इस दौरान भारत माता की जय व देशभक्ति गीतों से पूरा नगर गूंज उठा। उन्होंने कहा कि जब यह तिरंगा हवा में लहराता है, तो यह केवल रंगों का नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के सपनों, उम्मीदों और संघर्षों का प्रतीक बन जाता है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस तिरंगे की गरिमा को बनाए रखें। इसकी प्रेरणा से अपने कर्तव्यों का पालन करें। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल ध्वज फहराना नहीं, बल्कि हर दिल में राष्ट्रभक्ति की ऐसी लौ जलाना है जो कभी बुझ न सके।