शहर के सबसे महंगे बाजार किला रोड का शनिवार को नगर निगम आयुक्त डा. आनंद शर्मा दौरा करने पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले दुकानदार व पार्षद आपस में भीड़ गए। दुकानदार बोले, 15 दिन से बाजार नरक बना हुआ है। वे निगम आयुक्त को हकीकत दिखाना चाहते हैं, लेकिन सफाई करवाकर हकीकत को छुपाने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ड पार्षद कपिल नागपाल व बाजार के प्रधान जगदीश धींगड़ा से भी दुकानदारों की कहासुनी हो गई। निगम आयुक्त ने हिदायत दी कि जल्द समस्या का समाधन करवाएं। निगम आयुक्त हर वार्ड का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को वार्ड नंबर 7 के दौरे पर पहुंचे, जहां वार्ड छह व सात के बीच स्थिति किला रोड बाजार का निरीक्षण किया। बाजार में लाल मस्जिद के सामने नाला बार-बार ओवरफ्लो हो रहा है। मस्जिद से पहले निगम ने जाल लगाकर पॉलीथिन व प्लास्टिक की बोतल नाले में रोकने का प्रयास किया था, ताकि नाला बंद न हो। इसके बावजूद नाला जाम हो रहा है। निगम आयुक्त के आने से ठीक पांच मिनट पहले निगम के कर्मचारी बाजार में फैले कीचड़ को साफ करवा रहे थे। तभी चौधरी मार्केट के दुकानदार भड़क गए, बोले 15 दिन से वे नरकीय जमीन जी रहे हैं। ग्राहकों ने आना छोड़ दिया है। अब क्यों कीचड़ हटाया जा रहा है। काफी देर कहासुनी के बाद दुकानदार शांत हुए। निगम आयुक्त ने आकर दो दिन में समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद आयुक्त ने किला बाजार की भगत सिंह पार्किंग का भी निरीक्षण किया।