रोहतक जिला परिषद में राजनीतिक हलचल चरम पर है, क्योंकि आज चेयरपर्सन मंजू हुड्डा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया जाएगा। दिवाली से एक दिन पहले यह बैठक आयोजित हो रही है, जिसमें परिषद के पार्षद चेयरपर्सन का भाग्य तय करेंगे। अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि मंजू हुड्डा अपनी कुर्सी बचा पाती हैं या नहीं। सूत्रों के अनुसार, 14 में से 10 पार्षद मंजू हुड्डा के खिलाफ खड़े हैं। यदि एक भी पार्षद गैर-हाजिर रहता है या उनके पक्ष में वोट डालता है, तो हुड्डा की कुर्सी बच सकती है। इससे पहले, 23 अक्टूबर को इस मुद्दे पर बैठक होनी थी, लेकिन वह रद्द हो गई थी। इसके बाद उपायुक्त (डीसी) ने 30 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की।