शहर के निकटतम खेड़ी साध गांव में पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने जलघर पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि 15 दिन में समाधान नहीं हुआ तो रोड जाम करेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि सप्लाई का पानी 8 से 10 दिन में एक बार घरों तक पहुंचता है। यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है। विक्रम सिंधू ने कहा कि जलघर की हालत खस्ता है। अंदर अंग्रेजी घास उग आई है और तालाबों में गाद जमी है। चहारदीवारी भी गिर चुकी है। उन्होंने कहा कि टूटी चाहरदीवार के कारण शरारती तत्वों ने जलघर को अड्डा बना लिया है। यहां दिनभर शराब पीने वालों का जमावड़ा रहता है। कई बार शिकायत के बाद भी प्रशासन ने सुध नहीं ली। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलघर की सफाई, चाहरदीवारी निर्माण और नियमित सप्लाई की स्थाई मांग की है। इस दौरान भूपेंद्र भारद्वाज, अजय तंवर, निखिल तंवर, कुलदीप, सतबीर, राजेंद्र, नरेश, कुमार, रोहताश व अन्य ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।