रोहतक शहर के पुराने आईटीआई मैदान में खड़ी कारों में देर रात शरारती तत्वों ने जमकर तोड़-फोड़ की। कारों से कीमती सामान भी निकाल लिया। इस घटना के बाद से लोगों में रोष बना हुआ है। वारदात की मंगलवार सुबह आठ बजे पुलिस को सूचना दी गई। इसके तीन घंटे बाद तक पुलिस नहीं पहुंची। सुबह 11 बजे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। पटेल नगर निवासी प्रीत सचदेवा ने बताया कि सुबह आठ बजे पता लगा कि कार के शीशे तोड़ दिए हैं। मौके पर पहुंचे तो कार का डेश बोर्ड खुला पड़ा था। म्यूजिक सिस्टम निकालने का भी प्रयास किया गया है। अमित, हरविंद्र शाह, सतीश कुमार, नीरज ने बताया कि पटेल नगर व डीएलएफ कॉलोनी के लोग अपनी कार आईटीआई मैदान में खड़ी करते हैं। यहां देर रात शरारती तत्वों ने उत्पात मचाया। कारों के शीशे तोड़कर इनमें से कीमती सामान निकाल लिया। पुलिस को सुबह आठ बजे कॉल किया था। इसके बाद 11 बजे तक इंतजार करते हुए कोई नहीं आया। पुलिस कंट्रोल रूम 112 नंबर पर कहा गया कि अपकी शिकायत थाने में दे दी गई है। वहीं से कार्रवाई होगी।