आईएमटी के लिए एचएसआईआईडीसी को अपनी जमीन देने वाले 753 किसानों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। एचएसआईआईडीसी कार्यालय में खेड़ी साध, बालियाना, खरावड़, नौनंद के किसानों ने प्लाटों का ड्रा इकट्ठा व जल्द कराने की मांग की। यहां नारेबाजी कर एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। मंगलवार सुबह प्रदर्शनकारी किसान आईएमटी में एचएसआईआईडीसी कार्यालय के सामने इकट्ठा हुए। यहां रिहायशी प्लाटों के लिए आवाज उठाते हुए नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि आईएमटी के लिए हमारी जमीन अधिग्रहित की गई थी। उस समय हमें प्लाट देने का प्रावधान किया गया था। पिछले 13 साल से हम प्लाट का इंतजार कर रहे हैं। अब तक प्लाट नहीं मिला है। इसके लिए ड्रा नहीं निकाला जा रहा है। यही नहीं, ड्रॉ के लिए नियमों में बदलावा किया जा रहा है। इसके तहत प्लाट छोटे व कम करने के साथ कोने वाले प्लाट नहीं दिए जा रहे हैं। इसका किसान विरोध कर रहे हैं। इसके अलावा फरवरी 2024 में किसान अपने हिस्से की दस प्रतिशत राशि विभाग में जमा करा चुके हैं। वर्ष 2013-14 में प्लाटों के लिए आवेदन किए थे। इनका अब तक महकमे ने ड्रा नहीं निकाला है। इसके लिए किसान प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मैनेजिंग डायरेक्टर एचएसआईआईडीसी पंचकूला समेत अनेक अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। इसीलिए विरोध का रास्ता अपनाना पड़ा है। अब भी सुनवाई नहीं हुई तो किसान आईएमटी में धरना देने को मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर अनेक किसान मौजूद रहे।