शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल करने वालों को मंदबुद्धि करार दिया उन्होंने कहा सवाल करने वाले हालात व परिस्थितियों को समझें, आतंकवादियों व उसके आकाओं की भारत की सेना ने कमर तोड़ दी है। ढांडा रविवार को वैश्य कॉलेज के महाराजा अग्रसेन ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को कई परिवारों ने अपने जीवन का हिस्सा बना लिया। प्रधानमंत्री ने जिस तरह ऑपरेशन सिंदूर को मन की बात कार्यक्रम में शामिल किया, वह देश के जवानों में जोश भरने वाला है।आतंक के खिलाफ भारत की लड़ाई की पूरी दुनिया सराहना कर रही है और साथ भी दे रही है। पूरी दुनिया ने देख लिया है कि भारत आतंक के सामने कभी नहीं झुकेगा। पाकिस्तान का नकाब भी उतर गया और पूरी दुनिया के सामने उसे शर्मसार होना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो शो 'मन की बात' के जरिए लोगों से बात की। पीएम मोदी ने कई मुद्दों पर बात की। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर,भारतीय सेना के पराक्रम पर बात की। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक ने संकल्प लिया है कि आतंकवाद को खत्म करना ही है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं है,यह बदलते भारत की तस्वीर है। सेनाओं ने जो पराक्रम दिखाया है, उसने हर हिंदुस्तानी का सिर ऊंचा कर दिया।