प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था जगजाहिर है। भाजपा सरकार में अपराध पर लगाम लगने की बजाय दिनों-दिन अपराध बढ़ा है। लाडो लक्ष्मी योजना में एक लाख रुपये आय की शर्त लगाकर सरकार ने 75 प्रतिशत गरीब महिलाओं को योजना से वंचित कर दिया है। बीपीएल कार्ड से गरीब लोगों को हटाया जा रहा है। ये बात रविवार को पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जननायक जनता पार्टी के जिला स्तरीय जनसंपर्क अभियान के दौरान कही। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने बस स्टैंड स्थित पार्टी कार्यालय में जनसंपर्क अभियान के तहत जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की। जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि व्यापारियों और उद्योगपतियों से रोज फिरौती मांगी जा रही है जबकि सीएम उड़न खटोले में मौज ले रहे हैं। डॉ. चौटाला ने कांग्रेस के संगठन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस जिन लोगों को आजमा रही है, वे चले हुए कारतूस हैं और खुद कांग्रेसी भी इस बात को मानते है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नई नियुक्तियों के बाद कांग्रेस में बगावती सुर तेज हो गए है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सरकार की ओर से कोई राहत नहीं मिली। मंडियों में किसानों की फसलें एमएसपी पर नहीं बिक रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों को भारतीय जनता पार्टी का ट्रेनिंग का अड्डा बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यक्रमों को शिक्षण संस्थानों में अनुमति देती है और छात्र संगठनों के कार्यक्रमों पर रोक लगाती है। विपक्ष भी सरकार के इशारों पर चलता है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी के स्थापना दिवस के बाद प्रदेशभर में हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे और महिलाओं की राजनीति में भागीदारी को बढ़ाने पर जेजेपी पूरा फोकस करेगी। इस मौके पर जिला प्रभारी हरज्ञान मोखरा व जिला अध्यक्ष डॉ. संदीप हुड्डा आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।