हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को रेवाड़ी में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बाल भवन से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली और अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी मौजूद रहे। रैली में विद्यार्थियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बाइक, ई-रिक्शा और साइकिल पर सवार प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ शहर में भ्रमण किया। बाल भवन से शुरू हुई रैली गांधी चौक, महाराणा प्रताप चौक और हिंदू हाई स्कूल होते हुए वापस बाल भवन पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। इस दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों और युवाओं ने तिरंगे के साथ नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। रैली के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।