संवाद न्यूज एजेंसी धारूहेड़ा। धारूहेड़ा बस स्टैंड की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को लेकर रोडवेज विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। हरियाणा राज्य परिवहन के महाप्रबंधक निरंजन शर्मा ने कहा कि बस स्टैंड की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों को सात दिनों के भीतर स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि के बाद भी कब्जा नहीं हटाने पर विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बताया कि बस स्टैंड की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से मकान एवं अन्य निर्माण कर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। विभाग की ओर से ऐसे सभी कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर सात दिन का समय दिया गया है, ताकि वे स्वेच्छा से भूमि खाली कर सकें। यदि तय समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया तो प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।