रेवाड़ी। जिले के बावल स्थित होटल ग्रीन ओर्थ के कमरे में मंगलवार को राजस्थान के एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक अपने एक साथी के साथ होटल में ठहरा था। साथी सोमवार रात करीब 11:30 बजे होटल से चला गया था। युवक की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई या उसकी हत्या की गई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। होटल ग्रीन ओर्थ दिल्ली-जयपुर राजमार्ग के पास हरचंदपुर रोड पर स्थित है। राजस्थान के सरायकलां निवासी संदीप और जसबीर सोमवार सुबह होटल पहुंचे थे। दोनों ने कमरा नंबर 101 बुक कराया था। होटल में कमरा लेते समय उन्होंने बताया था कि वे एक कंपनी में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने आए हैं। सोमवार को इंटरव्यू नहीं हो सका, इसलिए अगले दिन सुबह जाने की बात कही थी। होटल कर्मियों के अनुसार जसबीर को मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे कमरा खाली करना था, लेकिन निर्धारित समय तक वह बाहर नहीं आया। कर्मियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद दूसरी चाबी से दरवाजा खोला गया तो जसबीर फर्श पर पड़ा मिला। कमरे में उसका सामान और कपड़े पड़े थे। टेबल पर शराब की बोतल भी मिली। सूचना मिलते ही बावल थाना एसएचओ फूल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा