रसियावास रोड स्थित रेलवे फाटक के पास एक व्यक्ति की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई। मृतक 45 वर्षीय राजू बावल का रहने वाला था, जोकि पिछले तीन दिन से लापता था। सूचना मिलने पर बावल थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने राजू के शव को जोहड़ से बाहर निकाला। मृतक के भतीजे राहुल ने पुलिस को बताया कि राजू 28 जुलाई को घर से बकरी चराने के लिए निकला था। रसियावास रोड पर बावल रेलवे फाटक के पास बकरी दलदल से भरे जोहड़ की तरफ चली गई। राजू बकरी को निकालने के लिए दलदल की ओर गया। उसने बकरी को निकाल दिया, लेकिन खुद लापता हो गया। परिजनों को शक था कि राजू दलदल में डूब गया। बुधवार को राजू का शव दलदल में मिला। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि जोहड़ पहले भी कई बार जानलेवा साबित हो चुका है। इसमें गंदा पानी और कूड़ा-करकट जमा होने से करीब 15 फीट गहरी दलदल बन चुकी है। इसमें पहले भी कई मवेशी जैसे भैंस, गाय, बकरी और नंदी डूबकर मर चुके हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से दलदल की सफाई करवाने और इसे चारों ओर से सुरक्षित करने की मांग की है। जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं हो।