रेवाड़ी। देशभर के साथ रेवाड़ी में भी मंगलवार को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। शिवभक्तों ने पवित्र गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के ऐतिहासिक भूतेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। देर रात से ही कांवड़ चढ़ाने और भगवान शिव के दर्शन करने के लिए शिवभक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। श्रद्धालु हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भीड़ को व्यवस्थित तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया गया। मर्यादित वस्त्रों में प्रवेश की अपील महाशिवरात्रि के अवसर पर भूतेश्वर मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं के लिए मर्यादित वस्त्रों में आने की अपील भी की गई। मंदिर प्रबंधक की ओर से परिसर में नोटिस लगाए गए थे। इनमें श्रद्धालुओं से मंदिर की धार्मिक मर्यादा का ध्यान रखते हुए शालीन और मर्यादित कपड़े पहनकर ही मंदिर में प्रवेश करने की अपील की गई थी। नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि गैर-मर्यादित अथवा छोटे कपड़े पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे श्रद्धालुओं को बाहर से ही दर्शन करने होंगे। मंदिर प्रबंधन की इस व्यवस्था का उद्देश्य मंदिर की धार्मिक गरिमा और अनुशासन बनाए रखना बताया गया।