हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने रविवार को गांव भांडोर में शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का अनावरण किया गया। गांव में विकास कार्यों के लिए मंत्री आरती सिंह राव और विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने 11-11 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि शहीद केवल किसी एक परिवार या गांव तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे पूरे देश की धरोहर होते हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा की पहचान ही अमर शहीदों से है, जहां हर घर से सैनिक और हर गांव से वीरों की गाथाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने शहीद कैलाश चंद की शहादत को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1993 में छत्तीसगढ़ में चुनाव ड्यूटी के दौरान माओवादियों से मुठभेड़ में उन्होंने वीरगति प्राप्त की थी। उनकी यह शहादत सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। मंत्री आरती सिंह राव ने शहीद की वीरांगना भतेरी देवी और उनके परिवारजनों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंच पर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां उपस्थित जनसमूह ने शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। इस अवसर पर बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि शहीद कैलाश चंद का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।