रेवाड़ी। मेघवाल उत्थान समिति, हरियाणा की ओर से सोमवार को रेवाड़ी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें समिति के पदाधिकारियों ने 23 अगस्त को बावल अनाज मंडी में आयोजित समस्त अनुसूचित जाति समरसता सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समाज के लोगों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि बावल की धरती पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पहुंचना समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में समाज को जो मान-सम्मान और सम्मानजनक मंच दिया, उसके लिए पूरा मेघवाल समाज उनका हृदय से आभार व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में अनुसूचित जाति समाज के हजारों लोगों ने पहुंचकर कार्यक्रम को भव्य बनाने में सहयोग दिया। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने यह संदेश दिया है कि यदि अनुसूचित जाति समाज एकजुट होकर अपने अधिकारों और हितों के लिए आवाज उठाए तो बड़े से बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। समिति ने सम्मेलन में शामिल हुए समस्त अनुसूचित जाति समाज के लोगों का विशेष रूप से धन्यवाद किया। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की एकजुटता और भाईचारा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। भविष्य में भी सामाजिक हितों से जुड़े मुद्दों पर इसी प्रकार सामूहिक प्रयास जारी रखने की आवश्यकता है। समिति की ओर से सम्मेलन के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने के लिए जिला प्रशासन रेवाड़ी, बावल प्रशासन और पुलिस प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन और पुलिस की ओर से कार्यक्रम के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने तथा आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूरा सहयोग दिया गया।