मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी के छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। छात्र नेता रवि मसीत ने बताया कि उन्होंने वाइस चांसलर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में अवगत कराया। छात्रों की मुख्य मांगों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कक्षाओं का संचालन, गेट नंबर एक की खराब गुणवत्ता को सुधारना, लंबे समय से बंद कैंटीन को दोबारा शुरू करना, खेल मैदान की साफ-सफाई सुनिश्चित करना और गर्ल्स हॉस्टल में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाना शामिल है। रवि मसीत ने कहा कि छात्रों ने प्रशासन को इन मांगों को पूरा करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस अवधि में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र बड़े आंदोलन की योजना बना सकते हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्रों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल शिक्षा और सुविधाओं के सुधार को सुनिश्चित करना है। उन्होंने जोर दिया कि विश्वविद्यालय में अध्ययन और रहन-सहन की स्थिति सुधारने से ही छात्रों का शैक्षणिक प्रदर्शन बेहतर होगा। छात्रों ने प्रशासन से उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर ध्यान दिया जाएगा और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।