रेवाड़ी। बरसात में भीगे राशन को सूखाकर बीपीएल परिवारों में बांटने के आरोपों के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने संबंधित डिपो होल्डर से जुड़े तीन राशन डिपो की सप्लाई तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है। विभागीय जांच में राशन के रखरखाव में कई खामियां मिलने के बाद यह कदम उठाया गया। दरअसल, नई आबादी क्षेत्र के डिपो होल्डर का सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन अंबेडकर चौपाल में रखा हुआ था। पिछले सप्ताह हुई बारिश के दौरान वहां रखे 45 कट्टे गेहूं और 20 कट्टे चीनी पानी में भीग गए थे। भीगने के कारण राशन से बदबू आने लगी। आरोप है कि डिपो होल्डर ने खराब हुए गेहूं और चीनी को सूखाकर लाभार्थियों में वितरित करने की तैयारी की। इसका वीडियो सामने आने के बाद मामले की शिकायत विभाग को दी गई। दो सदस्यीय टीम ने की जांच: शिकायत मिलने के बाद जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। जांच में राशन को खुले में रखने, बारिश से भीगने और उसे सूखाने सहित कई खामियां पाई गईं। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने संबंधित डिपो होल्डर से जुड़े तीन डिपो की सप्लाई आगामी आदेशों तक रोक दी है। इनमें वार्ड नंबर-25 का डिपो, नई आबादी और छिपटवाड़ा क्षेत्र के डिपो शामिल हैं। शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई: जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नितेश सिंगला ने बताया कि डिपो होल्डर के खिलाफ राशन के रखरखाव में लापरवाही की शिकायत मिली थी। विभागीय जांच में खामियां पाए जाने के बाद तीनों डिपो की सप्लाई निलंबित कर दी गई है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।