शहर के सेक्टर-4 में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार की शाम को हुई बारिश के दौरान एक गाय ने राह चलते व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार सेक्टर-4 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के आसपास बारिश के दौरान एक गाय इधर-उधर घूम रही थी। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति पर गाय ने अचानक हमला कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि व्यक्ति जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता नजर आता है, जबकि गाय उसका पीछा करती रहती है। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर व्यक्ति को बचाया। यह वीडियो करीब 1 मिनट 49 सेकेंड का बताया जा रहा है।