रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भूड़ला गांव में हरियाणा सरकार द्वारा एक दिवसीय विशेष सरकारी योजनाओं का कैंप आयोजित किया गया। इस कैंप के माध्यम से गांव के लगभग 400 परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया। यह कैंप परिवार पहचान प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें विभाग के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. सतीश खोला ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए राज्य स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल्द ही "लाडो लक्ष्मी योजना" शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से बालिकाओं के कल्याण हेतु विशेष वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह योजना बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य के लिए सुरक्षित करने की दिशा में एक अहम कदम होगी। डॉ. खोला ने बताया कि इस कार्य में प्रदेशभर के टीम लीडर्स और सीपीएलओ (सिटीजन पंचायत लेवल ऑफिसर) सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। वे गांवों और वार्डों में घर-घर जाकर नागरिकों की जानकारी एकत्र कर रहे हैं और योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर पूर्व भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल छावड़ी, पंचायत समिति सदस्य नवल, चेयरमैन रामोतार, पूर्व सरपंच सुमेर, मोनू छावड़ी, वर्तमान सरपंच नेहा, पंच राहुल, प्रदीप, कविता, रत्न सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।