सेक्टर-1 स्थित पीपीपी कॉर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला के कार्यालय लगभग 1.25 लाख से अधिक नागरिकों को विभिन्न राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित कर चुका है। कार्यालय में नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी, आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन, तथा संबंधित विभागों से त्वरित समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। डॉ. सतीश खोला ने बताया कि कार्यालय में हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को नागरिक अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर पहुंचते हैं। इनमें विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सहायता, स्वरोजगार, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना, उज्जवला, जनधन, किसान सम्मान निधि, मनरेगा समेत 125 योजनाओं से संबंधित आवेदन व समाधान शामिल रहते हैं। कार्यालय सचिव ने बताया कि आने वाले समय में और अधिक सरकारी योजनाओं को इस सेवा तंत्र से जोड़ा जाएगा ताकि हर वर्ग के नागरिक को उनका हक और सुविधा समय पर मिल सके।