सीआईए-1 पूर्व प्रभारी एसआई संदीप की मुश्किल बढ़ती जा रही हैं। उनके तीन वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो फुटेज जीटी रोड पर सिवाह के पास एक ढाबे की बताई जा रही है। जिसमें वह कुछ युवकों के साथ नजर आ रहे हैं। युवकों के हाथ में पिस्तौल भी नजर आ रही हैं। यही नहीं युवकों के बीच आपस में तनातनी भी चल रही है। शिकायतकर्ता रामफल का आरोप है कि उन्होंने फुटेज पुलिस अधिकारियों को भेजी हैं। उनका आरोप है कि उनके बेटे के एनकाउंटर की तैयारी की जा रही थी। बेटे की जान को खतरा है। पुलिस अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। अब सीएम से मिलकर पूरे प्रकरण में सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। नंगला पार निवासी रामफल ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी रहे संदीप ने 24 अक्तूबर की रात को उनके बेटे राजन को फोन पर धमकी दी थी। उस समय उसके साथ कुछ अन्य युवक भी थे। रामफल ने बताया कि उन्होंने यह फुटेज होटल से निकलवाई हैं। उनका आरोप है कि आरोपी द्वारा फोन पर बेटे का एनकाउंटर करने की धमकी दी थी। जिस दिन फोन पर धमकी मिली उसी रात का फुटेज है। जिस कारण उन्हें अब जान का खतरा बना हुआ है। बेटे के एनकाउंटर का खतरा है। जिस कारण पूरा परिवार दहशत में है। रामफल का आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने भी अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। एसआई को भी मात्र लाइन हाजिर किया गया है। जिस कारण बेटे की जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो वह सीएम और डीजीपी से मिलकर पूरे प्रकरण को रखेंगे।