कुलदीप नगर के कन्हैया हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी दलबीर को काबड़ी बाइपास से गिरफ्तार कर लिया है। दलबीर ने अपने दोस्त कन्हैया को इक्को से कुचलकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड का खुलासा तीसरे दोस्त अमित ने किया, जिसने पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी। 20 जनवरी की रात को कन्हैया, दलबीर, अमित और शिव कुमार कुलदीप नगर में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दलबीर की पत्नी का फोन आया, जिसे कन्हैया ने छीनकर गाली-गलौज की। इसी बात पर दलबीर और कन्हैया में झगड़ा हो गया। रात में जब सभी वहां से निकले, तो दलबीर ने मौका देखकर कन्हैया को इक्को गाड़ी से कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। घायल कन्हैया किसी तरह घर पहुंचा, लेकिन 21 जनवरी को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इसे प्राकृतिक मौत समझकर अंतिम संस्कार कर दिया। 24 जनवरी को गढ़ी सिकंदरपुर निवासी अमित ने कन्हैया के भाई सहदेव को बताया कि कन्हैया की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या थी। अमित ने बताया कि झगड़े के बाद दलबीर ने कन्हैया को गाड़ी से कुचल दिया था। यह पूरी घटना हवा सिंह फैक्ट्री के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सीआईए वन प्रभारी संदीप सिंह के मुताबिक, आरोपी दलबीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है ताकि गाड़ी बरामद कर और जांच की जा सके। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों से भी पूछताछ कर रही है।