फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

समालखा: चौपाल में फूटा पट्टीकल्याणा के ग्रामीणों का दर्द, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल की बदहाली पर उठाए सवाल

----मेरा गांव मेरी शान---- -डीसी के पिछले साल लगे रात्रि दरबार में रखी समस्याओं का आज तक नहीं हो पाया समाधान -वन विभाग को हर्बल पार्क के लिए 24 एकड़ जमीन फ्री कराने की मांग उठाई संवाद न्यूज एजेंसी पट्टीकल्याणा (समालखा)। समालखा क्षेत्र के ऐतिहासिक और सबसे बड़े गांव पट्टीकल्याणा में बुधवार को आयोजित अमर उजाला के चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों का दर्द फूट पड़ा। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली की पूरी हकीकत बयां की। ग्रामीणों ने साफ कहा कि इतने बड़े और ऐतिहासिक गांव को सालों से बुनियादी हकों के लिए तरसाया जा रहा है। गांव में पिछले साल अक्तूबर में आयोजित डीसी के रात्रि ठहराव में उठाई समस्याओं का भी समाधान नहीं किया जा सका है। साथ ही ग्रामीणों ने वन विभाग को हर्बल पार्क के लिए दी 24 एकड़ जमीन को फ्री कराने की मांग की। चौपाल कार्यक्रम गांव के प्रमुख मंदिर लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित किया गया। पीसीएच के मेडिकल ऑफिसर डाॅ. आशीष कुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक सुनील कुमार और एमपीएचडब्ल्यू अनिल कुमार विशेष रूप से पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश पहलवान ने की। गांव में सुबह 10 बजे शुरू चौपाल करीब डेढ़ घंटे तक चली। चौपाल में सबसे प्रमुख मुद्दा गांव की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शिक्षा व्यवस्था का उठा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पीएचसी में डॉक्टरों और जरूरी स्टाफ की भारी कमी है। इस कारण छोटी-मोटी बीमारियों के लिए भी मरीजों को शहर के चक्कर काटने पड़ते हैं। सरकारी स्कूलों की हालत भी दयनीय बनी हुई है। स्कूल का गिराया भवन आज तक नहीं बन पाया है। ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश पहलवान ने ग्रामीणों को सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गांव में विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। सरकार और प्रशासन को कई कामों के प्रस्ताव दिए गए हैं। इनके मूर्त रूप में आने के बाद गांव में विकास की तस्वीर उभरकर सामने आएगी। उन्होंने कहा कि गांव में सात साल से चौकीदार नहीं हैं। तीन चौकीदार की भर्ती के लिए प्रशासन को लिखा गया है। इसके लिए चार लाेगों ने आवेदन किया है। इसके लिए जल्द ही अधिकारियों से मिलेंगे। एमओ डॉ. आशीष कुमार ने पीएचसी में हर संभव दवा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। जांच के बेहतर स्वास्थ्य के बारे में किया जागरूक चौपाल कार्यक्रम में करीब 25 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की और उनको बेहतर स्वास्थ्य के बारे में जागरूक किया। एमओ डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि एनसीडी कार्यक्रम के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु की महिला और पुरुष की नियमित जांच की जा रही है। लोगों को हर महीने बीपी और शुगर की जांच करानी चाहिए। बच्चों का जन्म के बाद टीकाकरण कराना जरूरी है। वहीं किशाेरियों का टीकाकरण अभियान चला हुआ है। लोगों को भ्रांतियों को पीछे छोड़कर इसके लिए आगे आना चाहिए। एचआई सुनील कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम में अपने आसपास पानी जमा न होने दें। आजकल साफ पानी में डेंगू का लार्वा बढ़ रहा है। एमपीएचडब्ल्यू अनिल ने बताया कि कूलर और फ्रीज की ट्रे में पानी जमा न होने दें। सप्ताह में एक बार सफाई जरूरी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें