फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोहाना मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों से छेड़खानी के बाद सुरक्षा को लेकर धरना, गार्ड बढ़ाने की मांग

गोहाना। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, खानपुर कलां में 15 अगस्त की रात दो इंटर्न डॉक्टर छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डॉक्टरों में रोष है। इंटर्न डॉक्टर छात्राएं मंगलवार को निदेशक कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गईं। उन्होंने मांग की कि जब तक उन्हें सुरक्षा की पुख्ता गारंटी नहीं दी जाती और सुरक्षा गार्डों की संख्या नहीं बढ़ाई जाती, तब तक धरना जारी रहेगा। इंटर्न डॉक्टरों के अनुसार 15 अगस्त की रात करीब 15 मिनट के अंतराल में दो अलग-अलग घटनाएं हुईं। एक डॉक्टर रात की ड्यूटी पूरी करके वापस लौट रही थी, जबकि दूसरी डॉक्टर लाइब्रेरी से हॉस्टल की ओर जा रही थी। दोनों के साथ कॉलेज परिसर में ही छेड़खानी की गई। डॉक्टर छात्राओं ने बताया कि पहली घटना की जानकारी सुरक्षा गार्ड को दी गई, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके करीब 15 मिनट बाद दूसरी इंटर्न डॉक्टर के साथ भी छेड़खानी की घटना हुई। हालांकि दोनों घटनाओं में कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई, लेकिन डॉक्टर छात्राओं में सुरक्षा को लेकर डर और रोष बना हुआ है। इंटर्न डॉक्टरों का आरोप है कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को देने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। इसी के चलते उन्होंने निदेशक कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। मीडिया से बातचीत में इंटर्न डॉक्टर छात्राओं ने कहा कि यदि वे संस्थान के अंदर ही सुरक्षित नहीं हैं तो बाहर कैसे सुरक्षित महसूस करेंगी। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से बातचीत करना चाहती हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कमियां दूर की जा सकें और भविष्य में किसी अन्य डॉक्टर या छात्रा के साथ इस तरह की घटना न हो। गार्ड की संख्या बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग डॉक्टर छात्राओं ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाने, रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की। उनका कहना है कि कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्राएं और महिला डॉक्टर रहती हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एसीपी देवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना 15 अगस्त की है और मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कॉलेज परिसर में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है और आरोपी इसी निर्माण कार्य में लगी लेबर में शामिल था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। संवाद न्यूज एजेंसी, गोहाना

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें