हरियाणा के पानीपत में पैसों के लेनदेन में चचेरा भाई युवक की जान का प्यासा बन गया। गांव नौल्था में 1500 रुपये मांगने पर चचेरे भाई ने युवक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। युवक के पिता ने कंबल से आग बुझाई। आरोपी मौके से फरार हो गया। झुलसी हालत में पिता उसे जिला नागरिक अस्पताल में लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने इसराना थाना पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस जिला नागरिक अस्पताल में पहुंची। पुलिस ने पीड़ित के पिता को साथ घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल युवक का जिला नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार युवक 55 प्रतिशत तक झुलसा है।