हरियाणा के पानीपत में जाटल रोड स्थित कारपेट की फैक्टरी में बुधवार शाम पांच बजे को संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। हादसे के वक्त फैक्टरी में 20-25 श्रमिक काम कर रहे हैं। आग लगते ही उन्होंने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग गोदाम तक पहुंच गई। श्रमिकों ने फैक्टरी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग को इस घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंची, एनएफएल व थर्मल से छह गाड़ियां मंगवाई गई। देर रात तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली करवा लिया है। हादसे के दौरान रिफाइनरी बाईपास पर पांच किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। फिलहाल आग से नुकसान करोड़ों रुपये में बताया जा रहा है।