नौल्था में फाग पर रंगों की डाट लगाई जाएगी। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इससे पहले गांव में शोभायात्रा निकाली जाएगी। गांव में फाग उत्सव 994 वर्ष पुरानी परंपरा अनुसार मनाया जाएगा। गांव में पिछले कई दिन पूर्व सूखी डाट लगाई जा रही हैं। फाग महोत्सव के तहत मंगलवार को फाग आयोजन कमेटियों में शामिल युवाओं व ग्रामीणों ने एकजुट होकर मंगलवार को गांव की सभी गलियों में शांति के लिए पैदल मार्च निकाला। पैदल मार्च के आगे आगे बैंड बाजा चल रहा था। इससे पूर्व सभी कमेटी सदस्य व ग्रामीण गांव की जसगान चौपाल में एकत्रित हुए। कमेटी प्रमुख खिलार जागलान व पवन जागलान ने कहा कि फाग महोत्सव की चली आ रही ऐतिहासिक परंपरा को कायम रखा जाएगा। बुधवार को निकाली वाली झांकियों व मनाई जाने वाली रंगों की डाट के दौरान सभी कमेटियों द्वारा तय किए गए नियमों का पालन करेंगे। सभी एकजुट होकर फाग महोत्सव मनाएंगे। अगर इस दौरान कोई नियमों की अवहेलना करेगा तो उसके खिलाफ कमेटियां कार्रवाई की जाएगी। कमेटी प्रमुख खिलार सिंह जागलान व पवन जागलान ने बताया कि ग्रहण की वजह से मंगलवार रात बारह बजे के उपरांत होलिका दहन किया जाएगा। बुधवार को दोपहर गांव में बाबा लाठे वाले की झांकी के साथ देवी देवताओं की झांकिया निकाली जाएगी। इसके उपरांत रंगों की डाट का आयोजन किया जाएगा।